मात्रासमक मात्रासमक वृत्त में चार चरण होते हैं, और प्रत्येक चरण में सोलह मात्राएँ । इसके अत्यन्त सामान्य प्रकार में नवाँ वर्ण लघु और अन्तिम वर्ण दीर्घ होता है । इसकी परिभाषा की है:–‘मात्रासमकं नवमो ल्गान्त्यः ।’ परन्तु मात्राओं के ह्रस्व या दीर्घ होने के कारण इस वृत्त के अनेक भेद हो जाते हैं । उदाहरण के रूप में, यदि नवाँ तथा बारहवां वर्ण लघु है, और पन्द्रहवाँ तथा सोलहवाँ दीर्घ है, शेष वर्ण ऐच्छिक है, तो वह वृत्त ‘वानवासिका’ कहलाता है । यदि पाँचवाँ, आठवाँ तथा नवाँ ह्रस्व हैं, और पन्द्रहवाँ तथा सोलहवाँ दीर्घ हैं तो वह वृत्त ‘चित्रा’ कहलाता है । यदि पाँचवाँ और आठवाँ वर्ण ह्रस्व हैं, नवाँ, दसवाँ, पन्द्रहवाँ और सोलहवाँ दीर्घ है तो वह ‘उपचित्रा’ कहलाता है । यदि पाँचवाँ, आठवाँ और बारहवाँ ह्रस्व है, पन्द्रहवाँ तथा सोलहवाँ दीर्घ हैं, तथा शेष अनिश्चित है, तो वह ‘विश्लोक’ कहलाता है । कभी कभी एक ही श्लोक में इन वृत्तों के दो या दो से अधिक भेद मिला दिये जाते हैं, उस अवस्था में हम उसे ‘पादाकुलक’ वृत्त कहते हैं, उसमें कोई विशेष प्रतिबंध भी नहीं रहता है, केवल प्रत्येक चरण में सोलह मात्राओं का होना आवश्यक है । उदा० -
“मूढ जहीहि धनागमतृष्णां कुरु तनुबुद्धे मनसि वितृष्णाम्।
यल्लभसे निजकर्मोपात्तं वित्तं तेन विनोदय चित्तम् ॥”
मोह० १ ।